-माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक से मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक से मिला। उन्होंने एक फरवरी को शिक्षकों के खातों में जनवरी माह का वेतन भेजने व अन्य प्रकरणों का जल्द समाधान कराने की मांग की।
उनका कहना था कि जिले में 16 प्रधानाचार्य व शिक्षक सेवानिवृत हो रहे हैं। अभी तक शिक्षकों की पेंशन व जीपीएफ की पत्रावली तैयार नहीं कराई गई है, जबकि शिक्षा निदेशक ने सेवानिवृत होने से तीन माह पूर्व शिक्षकों की पत्रावली विभागीय कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जिले के विद्यालयों में मृतक आश्रित की नियुक्ति के प्रकरण और शिक्षकों के महंगाई, बोनस और अन्य अवशेष के प्रकरण वर्षों से लंबित हैं। बार-बार मांग करने के बाद भी शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा निदेशक के निर्देश के अनुसार शिक्षकों के वेतन का भुगतान पुरानी व्यवस्था के अंतर्गत कराने की मांग की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि महंगाई व बोनस के बिल कोषागार को भिजवा दिए। उन्होंने अन्य प्रकरणों का भी जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उमेश कुमार चौहान, जिला मंत्री सतवीर सिंह, शिक्षक नेता वीरेंद्र सिंह, अजय राज शर्मा, संजीव कुमार, मनोज कुमार, सुशील तोमर, उपेंद्र पंवार मैजूद रहे।