बड़ौत (बागपत)। नवंबर माह से वेतन नहीं मिलने पर बुधवार को दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के शिक्षकों का गुस्सा फूटा पड़ा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अफसरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कॉलेज परिसर में ही धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख सूचना पर डीआईओएस शिक्षकों के बीच पहुंचे और शिक्षकों को बृहस्पतिवार तक वेतन दिलाने का भरोसा देकर धरना समाप्त कराया। वहीं शिक्षकों ने कहा यदि बृहस्पतिवार को उनको वेतन नहीं मिला तो वे शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
धरने पर बैठे शिक्षकों ने कहा शिक्षा विभाग लगातार शिक्षकों का शोषण कर रहा है, अब इससे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। शिक्षक नेता अजय राज शर्मा ने बताया कि विद्यालय के शिक्षक सुमित जैन के एरियर भुगतान नहीं होने पर पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक के खिलाफ उच्च न्यायालय में अवमानना का वाद चला । उच्च न्यायालय ने एरियर का भुगतान तो सुमित जैन को कर दिया, लेकिन सुमित जैन सहित नौ अन्य शिक्षकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी। इसे इन सभी शिक्षकों का वेतन बाधित चल रहा है। इस आदेश के खिलाफ नौ सहायक शिक्षक तथा माध्यमिक शिक्षक संघ के जनपदीय अध्यक्ष व मंत्री संयुक्त शिक्षा निदेशक से मिले और अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक से संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ की फोन पर वार्ता हुई। इसमेें अपर शिक्षा निदेशक ने निर्देशित किया कि जांच अवधि में वेतन रोके जाने का कोई औचित्य नहीं है। संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ ने विगत 7 दिसंबर को निर्गत पत्र में वेतन भुगतान के आदेश दिया, इसके बाद भी जिला विद्यालय निरीक्षक ने वेतन भुगतान नहीं किया।
उन्होंने कहा कि अब यह मनमानी बर्दास्त नहीं होगी। मामला बढ़ता देखकर डीआईओएस ओमदत्त शिक्षकों के बीच पहुंचे और बृहस्पतिवार तक वेतन दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर शिक्षकों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने पर मनमोहन सिंह, दिनेश जैन, राकेश शर्मा, दीपक जैन, विनोद जैन, सतीश शर्मा, ललित जैन, प्रदीप शर्मा, प्रतीक जैन, सुधीर कुमार, कालीचरण श्रीवास्तव, मुकेश गुप्ता, टीना जैन, रीमा जैन, अशोक कुमार, अरुण गुप्ता आदि शामिल रहे।