काली पट्टी बांधकर किया विरोध प्रदर्शन, जल्द से जल्द मांग पूरी करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ के आह्वान पर मंगलवार को दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहे। उन्होंने लंबित मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया।
उन्होंने लंबित पुरानी पेंशन स्कीम, रेगुलेशन 2018 के अनुसार प्रोफेसर पद नाम, सेवानिवृत्ति आयु 65, सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी, केंद्रीय विश्वविद्यालयों की तरह कैशलेस मेडिकल सुविधा, अर्जित अवकाश का भुगतान इत्यादि मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कहा कि मांग समय पर पूरी नहीं होती तो महाविद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। प्रदर्शन करने वालों में शिक्षक संघ के डॉ. सुरेश, डॉ. केजी पांडेय, डॉ. आरके प्रजापति, डॉ. गोविंद बाबू, डॉ मुकेश जैन और कर्मचारियों में डॉ. राजकुमार वर्मा, सतीश शर्मा, चंद्रमा, प्रमोद, प्रवेश कुमार, गौरव शामिल रहे।