बड़ौत। श्री जैन कन्या जूनियर हाईस्कूल की बिल्डिंग को जर्जर घोषित कर तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को शिक्षिका और अभिभावकों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान न होने पर तहसील मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
स्कूल की प्रधानाचार्या गरिमा गर्ग, शिक्षिका चांदनी जैन, सरिता जैन, नेहा जैन, अंजू जैन, कर्मचारी राहुल जैन ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि गत 21 जनवरी को एक व्यक्ति की शिकायत पर स्कूल की बिल्डिंग को तोड़ दिया गया। स्कूल में पंजीकृत 116 बालिका और शिक्षिकाओं के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। जिस जगह स्कूल को स्थानांतरित व समायोजित करने की बात कहीं गयी थी, वह भी हवाई साबित हो रही है। वहीं इस संबंध में एसडीएम दुर्गेश मिश्र का कहना है कि बिल्डिंग काफी जर्जर थी, जिसकी शिकायत एक व्यक्ति ने लखनऊ की गयी थी। इसके बाद ही बिल्डिंग तोड़ी गयी है। जल्द ही समस्या का हल निकाला जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुमेश देवी, पूजा, मुनेश, रामकली, सोमपाल, अंजली, प्रियंका, फरजाना शामिल रही।