बड़ौत के सूप गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में कैरम खेलते बच्चे।
- फोटो : BARAUT
डायट प्राचार्य ने किया स्कूलों का निरीक्षण, प्रधानाचार्यों से मांगा जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। स्कूलों से शिक्षकों के नदारद रहने और बच्चों की कम उपस्थित की बढ़ती शिकायतों के मद्देनजर शुक्रवार को डायट प्राचार्या और वरिष्ठ प्रवक्ताओं की टीम ने देहात क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। कई विद्यालयों से शिक्षक गायब मिले तो कई जगहों पर बच्चों की उपस्थित नाममात्र ही मिले। सूप गांव के एक विद्यालय में बच्चे पढ़ाई नहीं बल्कि कैरम खेलते हुए मिले। इस पर डायट प्राचार्या ने खासी नाराजगी जताई और स्कूलों से जवाब मांगा।
डायट प्राचार्या अनुराधा शर्मा के आदेशों पर डायट पर तैनात वरिष्ठ प्रवक्ता वरण बड़का गांव के संविलियन विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे। यहां प्रधानाचार्य हारुण अली मनव्वर नदारद मिले। पूछने पर बच्चों ने जानकारी दी कि प्रधानाध्यापक नमाज पढ़ने गए है। जैसे ही टीम चलने लगी तो प्रधानाचार्य लौट आए। डायट प्राचार्या अनुराधा शर्मा ने बताया कि किशनपुर बराल गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में पंजीकृत 88 में से 65 बच्चे, प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में पंजीकृत 96 में से 49 बच्चे पंजीकृत मिले। सूप गांव में तो एक विद्यालय में बच्चे पढ़ाई नहीं बल्कि कैरम खेलते हुए मिले। सूप गांव स्थित प्राथमिक पाठशाला नंबर एक में पंजीकृत 65 बच्चों में से 40 बच्चे, प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में पंजीकृत 160 बच्चों में से 64 बच्चे, उच्च प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 136 में से 54 बच्चे, नवीन बराल गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में 300 में से 98 बच्चे उपस्थित मिले। इस पर डायट प्राचार्या ने नाराजगी जताई और अनुपस्थित शिक्षकों से जवाब मांगा।