बड़ौत। जनपद में 115 बैंक शाखाएं है। इनके करीबन 70 एटीएम विभिन्न स्थानों पर स्थापित है। मगर, अधिकांश एटीएम में कोरोना से बचाव के लिए कोई उपाय नहीं है। न तो गार्ड है और न ही सैनिटाइजर की व्यवस्था। रविवार को अमर उजाला टीम ने जायजा लिया तो लोग एटीएम में आ रहे थे और असुरक्षित तरीके से पैसा निकालकर बिना हाथ व कार्ड सैनिटाइज किए वापस लौट जा रहे थे। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
ग्राहक अजयराज शर्मा व जयकुमार का कहना था कि किसी भी एटीएम पर न तो सैनिटाइजर की व्यवस्था है और न ही मास्क की। जब भी हम एटीएम से रुपये निकालने जाते है तो स्वयं ही एहतियात बरतनी पड़ती है, बैंक अफसरों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
अजय का कहना था कि जहां पूरा देश कोरोना वायरस को लेकर गंभीर है, वहीं एटीएम व बैंकों में ग्राहकों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
ये हैं नियम
1- सभी एटीएम में सैनिटाइजर होना अनिवार्य है।
2- जिन एटीएम पर गार्ड मौजूद हो, वो बिना मास्क किसी को दाखिल ना होने दें।
4- एटीएम में एक वक्त में एक ही व्यक्ति प्रवेश करें।
5- सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर होना चाहिए
दिए गए थे निर्देश
सभी एटीएम में सैनिटाइजर की व्यवस्था को संबंधित बैंक को निर्देश दिया गया था। अगर कोई शिकायत मिलती है तो बैंक को समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया जाएगा। - प्रदीप फौराट, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक।