बागपत। ओवरलोड वाहनों पर परिवहन विभाग शिकंजा कसने में नाकाम साबित हो रहा है। ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि परिवहन विभाग ओवरलोड वाहनों पर लगाम नहीं लगा पा रहा है, जिसका नुकसान जिले के ट्रक स्वामियों को हो रहा है। इसके अलावा सड़कों को भी ओवरलोड वाहन नुकसान पहुंचा रहे हैं। अगर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा।
ऑल इंडिया ट्रक ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रामहरि चौधरी के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टर कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम शकुंतला गौतम के नाम लिखित ज्ञापन कलक्ट्रेट में सौंपा। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि हरियाणा से ओवरलोड वाहन निवाड़ा चेक पोस्ट और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से जिले में प्रवेश कर रहे हैं। मानक से 30 से 35 टन वजन अधिक लादकर ट्रक निकाले जा रहे हैं। परिवहन विभाग से शिकायतें की गई, लेकिन कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। अगर हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन किया जाएगा। पंकज नैन, संजीव, सुनील तोमर, राकेश कुमार, शिवा त्यागी, अनीश, मोनू मौजूद रहे।
परिवहन अधिकारियों को लोकेशन ट्रेस
बागपत। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि परिवहन विभाग के अधिकारियों की लोकेशन ट्रेस का खेल चल रहा है। जैसे ही अधिकारी कार्यालय से निकलते हैं, तुरंत लोकेशन ट्रेस कर कुछ लोग ओवरलोड वाहन चालकों तक सूचना पहुंचा देते हैं। इसके बाद ट्रक चालक हाईवे के किनारों पर वाहन खड़ा कर देते हैं। अधिकारियों के हटने के बाद दोबारा से वाहन लेकर गुजरते हैं।
ईस्टर्न पेरिफेरल पर परिवहन विभाग नाकाम
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल पर परिवहन विभाग नाकाम साबित हो रहा है। अधिकारी बागपत-मेरठ, दिल्ली-सहारनपुर और बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर कुछ जगह चेकिंग करते हैं, लेकिन ईस्टर्न पेरिफेरल पर ओवरलोड वाहनों को रोकने के इंतजाम नहीं है। इसी तरह निवाड़ा में भी अपेक्षित चेकिंग नहीं होती।
ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाती है। जिले में ट्रांसपोर्टरों के दो गुट हैं, जिनमें आपस में टकराव रहता है। गाड़ियां बंद होने पर हंगामा करते हैं। ओवरलोड वाहन नहीं चलने दिए जाएंगे। - सुभाष राजपूत, एआरटीओ।