बड़ौत में सीमेंट व्यापारी की हत्या के बाद दुकान में जांच करते एसओं अजय कुमार शर्मा।
- फोटो : BARAUT
सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय से गोदाम में हुआ था बदमाशों का संघर्ष, कई जगह मिले खून के धब्बे
कोतवाली पुलिस ने भी दोबारा जुटाए घटनास्थल से सुबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय की हत्या का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मंगलवार को स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। गोदाम से व्यापारी का टूटा चश्मा बरामद हुआ। कई जगह पर खून के धब्बे मिले हैं। कोतवाली पुलिस टीम ने भी दोबारा घटनास्थल से सुबूत जुटाए।
सीमेंट व्यापारी प्रदीप आत्रेय की हत्या के मामले में मंगलवार को स्वाट टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। दुकान के पीछे बने गोदाम में प्रदीप आत्रेय का चश्मा पड़ा मिला है। गोदाम की दीवार पर खून के धब्बे भी लगे मिले। काउंटर पर भी खून के धब्बे लगे हुए थे। जिस तरह निशान मिले है, उससे जाहिर कि प्रदीप आत्रेय ने दुकान और गोदाम में बदमाशों के साथ संघर्ष किया था। बदमाश जैसे ही दुकान से निकलकर बाइक पर भागे तो पीछे-पीछे प्रदीप भी दौड़े। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। सीओ बड़ौत आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को घटनास्थल पर जांच की गई है। गोदाम से प्रदीप आत्रेय का चश्मा बरामद हुआ है। आसपास के लोगों से भी घटना की बाबत जानकारी ली गई है।
हर बिंदु की जांच, जल्द करेंगे खुलासा : एसपी
बड़ौत। एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीम छानबीन कर रही है। हर बिंदु पर जांच चल रही है। वारदात के वक्त आसपास की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
------------------------
यह था मामला
बड़ौत। बिनौली रोड स्थित आत्रेय ट्रेडर्स पर नौ अक्तूबर की रात बदमाश पहुंचे और सीमेंट के बोरे का दाम पूछने के बहाने लूटपाट शुरू कर दी। व्यापारी प्रदीप आत्रेय ने विरोध किया। बदमाश 82 हजार रुपये लूटकर भागने लगे तो व्यापारी ने मुख्य मार्ग पर उनका पीछा किया, इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। 11 अक्तूबर की रात मेरठ में उपचार के दौरान प्रदीप आत्रेय की मौत हो गई थी। 12 अक्तूबर को उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के भतीजे अभिषेक आत्रेय ने मुकदमा दर्ज कराया था।