अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली थाना क्षेत्र के बिलोचपुरा गांव में शुक्रवार की रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। उसने दो माह पहले ही कोर्ट मैरिज की थी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बागपत की रहने वाली युवती सितारा ने दो माह पूर्व ही बिलोचपुरा निवासी तासीन पुत्र अब्दुल के साथ कोर्ट मैरिज की थी। इससे लड़के के परिवार के लोग खुश नहीं थे। शुक्रवार की रात सितारा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, ससुराल वालों ने बताया कि रात में सितारा को उल्टी होने लगी तो पति व अन्य उसे लेकर बड़ौत के एक अस्पताल में लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर एसपी सिंह का कहना था कि लड़की पक्ष की ओर से तहरीर ले ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।