बागपत कोतवाली के बाहर क्षतिग्रस्त कार दिखाता मीतली गांव निवासी युवक
बागपत। फैक्टरी से अपने घर लौट रहे सुपरवाइजर की कार में बाइक से टक्कर मारने को लेकर विवाद हो गया। बाइक सवार युवकों ने पहले सुपरवाइजर के साथ मारपीट की। उसके बाद पथराव करके गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दी। सुपरवाइजर ने पुलिस को शिकायत दी है।
मीतली गांव के रहने वाले गौरव सोनीपत में एक फैक्टरी में सुपरवाइजर है। शुक्रवार शाम को वह कार से घर लौट रहे थे। जब वह राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकों ने कार में टक्कर मार दी। गौरव ने आपत्ति जताई तो कहासुनी हो गई। मामला शांत होने पर वह अपने घर जाने लगा। शुगर मिल के पास बाइक सवार युवकों ने पीछा करके कार को रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। गौरव ने आरोप लगाया कि पत्थर फेंककर गाड़ी के सभी शीशे तोड़ दिए। वह किसी तरह जान बचाकर भागा और कोतवाली में शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी।