बागपत जिले के बड़ौत ब्लाक में कालिंदी कॉलेज में मतगणना के दौरान कक्ष संख्या चार में क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 87 के प्रत्याशी श्रीओम ने हार के गम में जान देने की कोशिश की। इससे मतगणना केंद्र पर अफरातफरी का आलम हो गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने चली गई।
पुलिस के मुताबिक कालिंदी देवी कॉलेज के मतगणना केंद्र के कक्ष चार में क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों के वार्ड नंबर 87 की मतगणना चल रही थी। चुनाव अधिकारी ने इस वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर संजीव को 483 मतों से विजयी घोषित कर दिया, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी श्रीओम को 481 मत मिले।
इसको लेकर श्रीओम ने कक्ष मेें हंगामा शुरू कर दिया। वह चीखने लगा कि फिर से मतगणना नहीं होने पर वह आत्महत्या करने के लिए विवश हो जाएगा। पुन : मतगणना में भी श्रीओम जीत नहीं पाए। इस पर उसने मतगणना अधिकारियों पर धांधली का आरोप लगाते हुए गले में चादर डालकर आत्महत्या का प्रयास किया।
इसे देख पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सीपी सिंह मौके पर पहुंचे और उसे अपने कब्जे में कर पुलिस वाहन से कोतवाली भेजवाया। सीओ ने बताया कि मतगणना पूरी होने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।