छोटे भाई का कर्ज चुकाने का दबाव डालने पर बड़े ने दी जान
बागपत। छोटे भाई का लिया गया कर्ज चुकाने का दबाव डालने पर बड़े भाई ने जहर खाकर जान दे दी। घर में पंचायत होने से बड़ा भाई आहत था, जबकि कर्ज लेने वाला छोटा भाई लेनदारों से परेशान होकर गांव छोड़कर चला गया था। पुलिस ने मामले की जानकारी न होने और जांच व कार्रवाई करने की बात कही है।
मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। एक व्यक्ति ने गांव के ही कई लोगों से लाखों रुपये का कर्ज ले रखा था, जिसे वह लौटा नहीं पा रहा था। वहीं लेनदारों का दबाव बढ़ता जा रहा था। आएदिन घर पर लेनदार आते और बेइज्जती करके चले जाते। दबाव बढ़ा तो वह गांव छोड़कर सोनीपत चला गया। जिन लोगों से कर्ज लिया था, वे कुछ लोगों को लेकर बड़े भाई प्रदीप कुमार (55) के घर पहुंचे और पंचायत बैठ गई। पंचायत में लेनदारों ने छोटे भाई से रुपये दिलाने या खुद देने के लिए दबाव बनाया। प्रदीप ने कहा कि क्या रुपये उससे पूछकर दिए गए थे या वह कहीं इस लेनदेन के बीच था। ऐसे में वह रुपये क्यों देगा। लेकिन पंचायत ने उस पर रुपये देने का खूब दबाव बनाया और बेइज्जती भी की। इससे आहत होकर प्रदीप ने शुक्रवार को जहर खा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं प्रदीप कुमार के भाई राजवीर सिंह ने बताया कि छोटे भाई ने मूल चुका दिया था। अब अत्यधिक ब्याज की मांग की जा रही थी। इस कारण प्रदीप को परेशान किया जा रहा था। उधर, बागपत इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना था कि किसी ने ऐसे मामले की शिकायत नहीं की है। अगर ऐसा हुआ है, तो गंभीर मामला है। पुलिस प्रकरण की जांच कराएगी।