सरकार ने बीज की कीमत 3150 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है, जो पिछले साल से 1050 रुपये अधिक
बीज महंगा होने से बढ़ जाएगी लागत, किसान बोले, सरकार को देने चाहिए राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आलू की बुवाई का सीजन शुरू होने वाला है। इस बार सरकार ने बीज की कीमत 3150 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की है, जो पिछले साल से 1050 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। इसकी वजह बीज पर सब्सिडी का खत्म होना है। यानि पिछले साल के सापेक्ष करीब एक हजार रुपये अधिक किसानों को बीज के लिए चुकाने होंगे। बीज महंगा होने के कारण आलू की बुआई में किसानों की लागत बढ़ जाएगी। शासन से जिले को सौ क्विंटल बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
एक बीघा में लगता है तीन क्विंटल बीज
बागपत। आलू की बुआई में एक बीघा में तीन क्विंटल बीज लगता है। एक बीघा में आलू की बुवाई करने के लिए किसानों को लगभग साढ़े नौ हजार रुपये बीज पर खर्च करने होंगे।
--------------------
इस तरह बढ़ गया आलू का रकबा
बागपत। जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरुण ने बताया कि इस बार आलू का रकबा 40 हेक्टेअर होने की उम्मीद है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 15 हेक्टेअर अधिक है। किसान अपनी फरद साथ लाकर बीज खरीद सकते है।
--------------------
शनिवार तक उपलब्ध होगा बीज
बागपत। जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरुण ने बताया कि शनिवार तक जिले में आलू का बीज पहुंच जाएगा। आलू के अलावा लहसुन, प्याज, मटर, धनिया और मूली का बीज भी किसानों के लिए इस बार मंगाया गया है।
-----------
क्या कहते हैं किसान
बागपत। रटौल निवासी किसान साबिर और जमील का कहना है कि बीज और खाद के दाम सस्ते होने चाहिए। आलू के बीज पर महंगाई आने से समस्या खड़ी हो जाएगी। सरकार को राहत देनी चाहिए थी।