बागपत के सर्वोदय हॉस्पिटल स्थित कोविड अस्पताल में सफाई करते कर्मचारी
- फोटो : BAGHPAT
- सर्वोदय हॉस्पिटल में सुबह नौ बजे से ठप हो गई थी पानी की आपूर्ति, मचा रहा हा-हाकार
- शाम तीन बजे पानी के कैंपर मंगाए गए, साढ़े आठ घंटे बाद ठीक हुआ सबमर्सिबल
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। सर्वोदय कोविड अस्पताल में सबमर्सिबल खराब होने जाने से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। इससे मरीजों में हा-हाकार मच गया। मरीजों को दिनभर मुश्किलें झेलनी पड़ी। शिकायतें और हंगामा होने के बाद दोपहर तीन बजे कैंपर मंगाकर मरीजों को पानी उपलब्ध कराया गया। शाम साढ़े पांच बजे तक सबमर्सिबल ठीक किया जा सका।
अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित सर्वोदय कोविड अस्पताल में 78 कोरोना संक्रमित मरीजों को उपचार के लिए रखा गया है। इनमें 13 मरीज जिला कारागार के बंदी भी शामिल है। शनिवार को सबमर्सिबल खराब हो जाने के कारण पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। मरीजों ने सुबह नौ बजे पानी नहीं मिलने की शिकायतें शुरू कर दी। अस्पताल प्रबंधन बार-बार जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कराने का भरोसा दिलाता रहा। कुछ मरीजों को अस्पताल के बाहर से पानी की बोतलें भी भिजवाई गई, लेकिन अन्य मरीज पानी के लिए तरसते रहे। दोपहर करीब तीन बजे पानी के कैंपर मंगाकर मरीजों को पेयजल की व्यवस्था की गई। मगर, मरीजों की नहाने और अन्य जरूरतों के लिए पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। सबमर्सिबल ठीक कराने के लिए टीम बुलाई गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे सबमर्सिबल ठीक हुआ। करीब साढ़े आठ घंटे पानी के लिए हा-हाकर मचा रहा।
खराब हो गया था सबमर्सिबल
बागपत। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ ललित शर्मा का कहना है कि सबमर्सिबल खराब हो गया था। कैंपर मंगाकर पानी की व्यवस्था कराई गई है। शाम को साढ़े पांच बजे सबमर्सिबल ठीक करा कर आपूर्ति सुचारु करा दी गई। मरीजों का ख्याल रखा जा रहा है।