बागपत। केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह तीन मई को बालैनी के श्रीकृष्णा इंटर कॉलेज में एक करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सिंथेटिक ट्रैक का शिलान्यास करेंगे। इस ट्रैक के निर्माण से स्थानीय युवाओं को पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। यह जानकारी सोमवार को खट्टा प्रहलादपुर गांव में हुई रालोद की बैठक में जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने दी।
जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री अपनी निधि से इस परियोजना को पूरा करवा रहे हैं। वर्तमान में युवाओं को दौड़ने के अभ्यास के लिए मेरठ या अन्य जिलों में जाना पड़ता है। सिंथेटिक ट्रैक बनने के बाद उन्हें अपने ही क्षेत्र में अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इससे उनका समय और धन दोनों बचेगा। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद चौधरी जयंत सिंह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। गुर्जर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील की। रालोद जिलाध्यक्ष ने इस परियोजना को युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। बैठक में राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल और ठाकुर अजय वीर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।