छपरौली (बागपत)। बोर्ड परीक्षा में प्रश्न का उत्तर न बताने पर तीन छात्रों को कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। घायलों ने चार को नामजद सहित नौ के खिलाफ छपरौली थाने में तहरीर दी है।
घायल छात्रों में रितिक पुत्र भगत सिंह, मोनू पुत्र कृष्णपाल और कपिल पुत्र हरवीर निवासी तुगाना शामिल है। इनकी ओर से थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार को शबगा गांव स्थित एक परीक्षा केन्द्र से बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे थे। इसी दौरान पांच बाइकों पर सवार दर्जनों युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इससे वहां पर भारी भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। घायल छात्रों ने बताया कि पहले भी उनके साथ परीक्षा में प्रश्न न बताने पर दो बार मारपीट हो चुकी है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।