बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से छात्रा के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी अंकित को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। परिजनों ने छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।
गांव के व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि उसकी कक्षा सात में पढ़ने वाली बेटी शनिवार को स्कूल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। रविवार दोपहर वह बेहोशी की हालत में बड़ौत के निजी अस्पताल में मिली थी। उसने गांव के ही युवक पर बेटी का अपहरण कर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलकर पिलाने के बाद दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराया। कोतवाली के एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में लड़की से रेप होने की पुष्टि नहीं हुई है। अपहरण के आरोप में अंकित को गिरफ्तार किया गया था।