पुलिस की जांच में रिवाल्वर खिलौना निकला
छात्र और उसके परिजनों को पुलिस ने दी सख्त हिदायत
संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। कस्बे के एक इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को पहुंचे एक छात्र ने रिवाल्वर से अपने सहपाठियों को डराना शुरू कर दिया। छात्रों की शिकायत पर प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में रिवाल्वर खिलौना निकला। पुलिस ने छात्र के अभिभावकों को कॉलेज बुलाकर पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत दी।
कस्बा स्थित शीलचंद इंटर कॉलेज में एक छात्र बृहस्पतिवार को खिलौने वाली रिवाल्वर लेकर पहुंच गया। उसने अपने सहपाठियों को रिवाल्वर से डराकर धाक जमानी शुरू कर दी। छात्रों ने इसकी सूचना शिक्षकों को दी। छात्र पर रिवाल्वर होने की सूचना पर विद्यालय में हड़कंप मच गया। प्रधानाचार्य राम सेवक राम ने अमीनगर सराय चौकी पुलिस और छात्र के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिवाल्वर की जांच की तो रिवाल्वर का खिलौना होने का पता चला। पुलिस ने छात्र और उसके परिजनों को सख्त हिदायत दी। कहा कि इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।