बागपत के रठौड़ा गांव के पास बाइक से आ रहे दो छात्रों को तीन तमंचा धारी युवकों ने हथियारों के बल पर रोककर हजारों रुपये की नकदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर एक छात्र को गोली मार दी। उसे बड़ौत सीएचसी से मेरठ रेफर किया गया है।
गोली लगने से घायल सन्नी पुत्र हरेंद्र निवासी सिलाना है। वह नगर के एक निजी स्कूल में बीएससी का छात्र है। सन्नी शाम को गांव के ही दोस्त अमित के साथ बाइक पर रठौड़ा गांव गया था। लौटते समय तीन युवक मिले। उन्होंने तमंचे के बल पर दोनों को रोक लिया। बदमाशों ने चार हजार रुपये की नकदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर दोनों से मारपीट की और सन्नी को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली उसके हाथ में गोली लगी है। सन्नी को बड़ौत सीएचसी लाया गया। वहां से उसे मेरठ रेफर किया गया है।
इस संबंध में एसएसआई छपरौली चितवन का कहना है कि सन्नी का रठौड़ा गांव के विकास उर्फ विक्की से दो दिन पहले झगड़ा हो गया था। उसी को लेकर सन्नी अपने दोस्त अमित के साथ फैसले की बात करने गया था। उनके घेर में फैसले की बात चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। वहां मौजूद विकास, जोनी व परमजीत ने गोली चलाई, जो सन्नी के हाथ में लगी है। उन्होंने लूट जैसी वारदात से इंकार किया है। इस मामले में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई है।