खेकड़ा। नगर स्थित एक इंटर कॉलेज की कक्षा दस की छात्रा मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में स्कूल की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने घायल छात्रा को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से सूचना नहीं दी गई है।
एक गांव निवासी यह छात्रा मंगलवार की सुबह भी कॉलेज आई थी। कॉलेज पहुंचने के बाद वह क्लास रूम में चली गई। कुछ देर बाद वह कॉलेज की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। पता लगने पर कॉलेज प्रशासन और परिजनों मे हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत विद्यालय पहुंचे और घायल छात्रा को बागपत स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा रेफर करने पर परिजनों ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में छात्रा के परिजनों ने कोतवाली में कोई तहरीर नही दी है। यदि तहरीर आएगी तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।