बागपत। सफाई नायक को निलंबित करने पर ईओ और कंपनी के खिलाफ सफाईकर्मियों की हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इससे शहर की सड़कों और गलियों से कूड़ा नहीं उठाया गया और वहां गंदगी फैली रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, सफाईकर्मियों ने मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी भी दी।
सफाई नायक सतीश कुमार को निलंबित करने, पीएफ और वेतन में कटौती करने के विरोध में शुक्रवार को ठेका सफाईकर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। इसमें सफाई नायक सतीश कुमार ने ईओ और कंपनी के अफसरों पर सफाईकर्मियों को हटाने का दबाव बनाने और इसका विरोध करने पर निलंबित करने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा वेतन में कटौती करने के साथ खाते में पीएफ जमा नहीं करने का आरोप लगाया। इससे क्षुब्ध सफाईकर्मियों ने सुभाष गेट के समीप पेयजल टंकी परिसर में धरना भी दिया।
इस मामले में राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष और सफाई नायक सतीश कुमार और नगराध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि ईओ का तबादला होने और कंपनी को ब्लैकलिस्ट किए जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। उधर, ईओ केके भड़ाना का कहना है कि सफाईकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता हुई, जिन्हें काम नहीं करने वाले सफाईकर्मियों पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। शहर में सफाई कराने की जिम्मेदारी कंपनी की है। अगर सफाई नहीं होगी तो कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।