भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की बारिश हुई, लेकिन तेज आंधी आफत भी लेकर आई। पेड़, होर्डिंग और खंभे टूटकर गिर गए, जिससे हाईवे जाम रहा। साथ ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दूरसंचार व्यवस्था भी गड़बड़ा गई। आंधी से आम की फसल टूटने से बाग मालिकों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।
पिछले करीब एक सप्ताह से पारे का मिजाज 44 डिग्री से ऊपर था। रविवार की रात शामली, बड़ौत और मुजफ्फरनगर में बारिश हुई, लेकिन बागपत सूखा रहा। सोमवार दोपहर बाद बागपत में आई तेज आंधी से अंधेरा छा गया। आंधी के साथ ही बरसात शुरू हो गई। हाईवे पर वाहनों को दिन में ही लाइटें जलानी पड़ी। सिसाना रोड पर खंभा और पेड़ टूटकर गिर गया।
हाइवे पर जाम लग गया। बिजली की लाइन भी टूटकर गिर गई, जिससे आपूर्ति बाधित हुई। बमुश्किल यातायात शुरू हुआ। रटौल क्षेत्र के किसान सुखबीर, जावेद, बब्बू, सलीम और बिल्लू ने बताया कि आंधी के चलते लाखों का आम टूटकर गिर गया। मुख्य बाजार, शौकत मार्केट, माता कॉलोनी और कोर्ट रोड पर जलभराव हो गया। पांडवनगर में लोगों को दिक्कत हुई। उधर, बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिल गई।
ईख की फसल को होगा लाभ ः बागपत। किसानों का कहना है कि बारिश से ईख की फसल को लाभ होगा। बिजली कटौती के चलते खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे किसानों का कहना है कि बारिश से लाभ होगा। उधर, चारे की फसल की तैयारी कर रहे किसानों को लाभ होगा। किसान धर्मवीर सिंह, सतेंद्र और हरबीर का कहना है कि नहरों में पानी नहीं आने से मुश्किलें हो रही थी, पहली बारिश से लाभ होगा।
तूफान ने छपरौली में मचाया तांडव ः छपरौली। सोमवार को दोपहर बाद तेज आंधी आने के कारण कसबे की रठौड़ा रोड , बड़ौत रोड, टांडा रोड समेत अन्य रास्तों पर बिजली के पोल उखड़ने से तार टूटने से सड़क मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया।
इससे आने जाने वाले वाहनों की कतार लग गई तो कसबे के चेयरमैन संजीव खोखर ने स्वयं कमान संभालते हुए मौके पर पहुंच कर तार हटाए, उनके साथ नगर पंचायत की टीम भी सहयोगी रही । इस जाम में एंबुलेंस भी फंस गई, इसे टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद निकला । उधर आम के पेड़ों से फल झड़ जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
आंधी से बिजली आपूर्ति ठप, लोग बेहाल ः बागपत। सोमवार को दोपहर के समय तेज आंधी के साथ बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई। विद्युत निगम के एसडीओ बागपत विकल महेश ने बताया ट्यौढ़ी लाइन पर आंधी के चलते ब्रेक डाउन हो गया। कई जगह बिजली के खंभे टूट गए।
इससे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बड़ौत ट्रांसमिशन से सप्लाई का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी। उधर, आंधी के कारण शहर में कई जगह फाल्ट हो गया। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर में पानी की भी सप्लाई नहीं हो पाई। लघु उद्योग धंधा संचालकों को परेशानी हुई।
जेई रविंद्र कुमार ने बताया बिजलीघर में अर्थिंग के कारण फाल्ट आ गया था। दोपहर के समय तो फाल्ट को सही कर दिया। दोपहर बाद आई आंधी के कारण दोबारा से फाल्ट आ गया। उधर, काठा गांव में ट्रांसफार्मर में सोमवार सुबह आग लग गई, इससे गांव की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।