बागपत के पुराने कस्बे में कब्रिस्तान की विवादित भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत को अफसरों ने गंभीरता से लिया। एसडीएम के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम ने वहां छापा मारा और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इससे निर्माण कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
पुराना कस्बा निवासी निसार, हनीफ, इकबाल, मोहम्मद अय्यूब ने गुरुवार को एसडीएम को दिए शिकायत पत्र में कहा था कि कस्बे में स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से प्लॉटिंग कर दी है। इतना ही नहीं, वहां पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है।
कई बार जमीन की पैमाइश हो चुकी है। आरोप है कि पैमाइश के समय की लगाए गए निशानों को नष्ट कर दिया गया है। आरोपियों से एक अफसर मिले हुए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी।
एसडीएम राकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील प्रशासन को पड़ताल के निर्देश दिए। तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान टीम को भूमि में निर्माण कार्य की तैयारी होती दिखी। इस पर टीम ने काम रुकवा दिया।
लेखपाल विनोद कुमार का कहना है कि लोगों की शिकायत पर नायब तहसीलदार देवेंद्र मिश्र के नेतृत्व में टीम गई थी। वहां एक व्यक्ति नींव का निर्माण कर रहा था। व्यक्ति ने अपना प्लॉट होने का दावा किया है। प्रशासन की टीम ने उसका काम रुकवा दिया। शुक्रवार (आज) को दोनो पक्षों को एसडीएम कार्यालय में बुलाया गया है।
चौहल्दा में दो पक्षों में मारपीट, हंगामा
बागपत। चौहल्दा गांव में महेश और कविंद्र पक्ष में मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया। इससे वहां हंगामा हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।