बड़ौत में कब्रिस्तान और माता के थान की भूमि के बंटवारे को लेकर दुकानदारों और भूमि माफियाओं में जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दो लाइसेंसी रायफल व 11 लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई और शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया गया। इनके जमानत करा लेने के बाद पुलिस ने अपनी ओर से 26 जनवरी की रात दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को भूमि स्वामियों और दुकानदारों में जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान फायरिंग व पथराव से पूरे क्षेत्र में भगदड़ व सनसनी फैल गई। लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष के 11 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने दो लाइसेंसी रिवाल्वर व रायफल भी कब्जे में ली है। सभी लोगों ने तहसील से शांतिभंग की धाराओं में जमानत करा ली। कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि 26 जनवरी की देर शाम दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307 आईपीसी व क्रिमिनल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उसमें संजीव, श्यौदान, राकेश, अमिल, सुनील कुमार, विनोद, राजकुमार, हारूण, राजेंद्र, दीपक, नीरज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जब्त की गई दोनों रायफलों को सीज कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। q व्यापारियों का एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन ः बागपत। बड़ौत के पैट्रोल पंप के पास विवादित भूमि पर हुए फायरिंग के मामले में पीड़ित दुकानदार और अन्य लोगों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया।
दुकानदार सुनील, राजेंद्र, दीपक, राजकुमार, विनोद, नीरज जैन ने बताया कि उनके जमीन में प्लाट है। उनके पास प्लाटों के कागजात हैं। कुछ लोगों ने मंगलवार की रात में जेसीबी चलाकर प्लाटों की निशानदेही खत्म कर दी है। आरोपी कई बार प्लाट छोड़ने की धमकी दे चुके हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वे अपने प्लाट में बैठे हुए थे। इसी दौरान 8-10 लोग हथियार लेकर वहां पहुंचे और उनसे प्लाट खाली करने को कहते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। तभी आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावरों के हाथ में असलाह मौजूद थे। पुलिस ने असलाह जब्त भी किए हैं। एसपी से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर सुशीला, नूर मोहम्मद, रुकमणि, विनोद समेत काफी लोग मौजूद रहे। एसपी रवि शंकर छवि का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।