बागपत। कोताना गांव में बारात में खाने को लेकर हुए झगड़े के बाद हरचंदपुर गांव में फैमीद के मकान पर लाठी-डंडों से हमला और पथराव कर दिया। जिसमें फैमीद घायल हो गया। घायल का सीएचसी में उपचार कराया गया। घायल पक्ष ने हमलावरों पर फायरिंग करने का आरोप भी लगाया।
हरचंदपुर गांव के रहने वाले सलीम ने बताया कि उनके गांव के रहने वाले गय्यूर के बेटे अता की बारात मंगलवार को कोताना गांव गई थी। जहां खाना खाते समय गांव के ही कुछ युवकों के साथ उसके परिवार के युवकों की कहासुनी हो गई। वहां कुछ लोगों ने मामला शांत कर दिया जबकि दूसरे पक्ष के युवकों ने गांव में जाकर भुगत लेने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि वापस में पहुंचते ही दूसरे पक्ष के 10-15 युवक इकट्ठा होकर उसके चाचा फैमीद के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर फैमीद को घायल कर दिया। शोर होने पर गांव के लोग वहां आए तो हमलावर पथराव और फायरिंग करते हुए भाग गए।
सलीम ने पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर पुलिस का कहना है कि मामला बारात में झगड़े के बाद हरचंदपुर गांव में झगड़ा हुआ। फायरिंग का आरोप गलत है।