बागपत। किरठल गांव के किसान इरशाद की हत्या के मुकदमे में आंबेडकरनगर जेल में बंद कुख्यात धर्मेंद्र किरठल को न्यायालय में पेशी पर लाया गया। हत्या के मुकदमे में धर्मेंद्र किरठल और उसके दो साथियों के न्यायालय में धारा 313 सीआरपीसी के तहत बयान दर्ज कराए गए। कुख्यात की पेशी के दौरान कचहरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
दिसंबर 2020 में पुरानी रंजिश में किरठल गांव के किसान इरशाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुख्यात धर्मेंद्र किरठल और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मुकदमे में कुख्यात धर्मेंद्र किरठल आंबेडकरनगर की जिला जेल में बंद है। इरशाद की हत्या के मुकदमे में आंबेडकरनगर जेल से धर्मेंद्र किरठल और बागपत जेल से उसके साथी सतेंद्र मुखिया, सुभाष उर्फ छोटू को पेशी पर लाया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के न्यायालय में धारा 313 सीआरपीसी के तहत बयान कराए गए।