श्रीलंका के अंतरराष्ट्रीय किसान सम्मेलन में शामिल होगी भाकियू
बागपत। श्रीलंका में आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय किसान सम्मेलन में शामिल होने के लिए भाकियू का पास सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल श्रीलंका रवाना हो गया। भाकियू नेता गौरव टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्याओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। एफडीआई का भाकियू पहले से ही विरोध कर रही है।
श्रीलंका के गाले शहर में 11 से 15 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय किसान सम्मेलन का आयोजन होना है। इसमें 68 देशों के किसान प्रतिनिधि शामिल होंगे। विभिन्न किसान संगठनों को भी निमंत्रण मिला है। भाकियू के राष्ट्रीय सचिव युद्धवीर सिंह, भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत, हरिद्वार के भाकियू जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री, भाकियू दिल्ली की महिला प्रदेश अध्यक्ष पूनम सिंह और भाकियू के मेरठ मंडल अध्यक्ष पवन खड़ाना श्रीलंका में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे।
शुक्रवार को तमिलनाडु के किसान संगठनों के साथ किसान प्रतिनिधि शहर के राष्ट्रवंदना चौक पहुंचे, जहां शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया। गौरव टिकैत ने कहा कि विदेशी से किसान उत्पादों पर आयात ड्यूटी हटाने का विरोध किया जा रहा है। इससे पशुपालकों समेत अन्य किसानों को नुकसान होगा। एफडीआई का भी विरोध करेंगे।
जारी रहेगी किसानों की लड़ाई
बागपत। तमिलनाडु में किसान हितों के लिए संघर्ष करने वाले एडवोकेट इशान, स्वदेशी किसान संगठन के केवी पोनालायन और तमिलनाडु किसान एसोसिएशन के नाल्ला भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र में किसानों के लिए समस्या हैं। अलग-अलग समस्याओं पर सब एकजुट होकर सिस्टम के खिलाफ संघर्ष करेंगे।