बागपत। मुजफ्फरनगर के एसपी ट्रैफिक डा. कृष्ण गोपाल यादव के भतीजे नवदीप यादव बृहस्पतिवार दोपहर शहर के क्रिस्तु ज्योति कॉवेंट हाईस्कूल के पास स्थित फौजी ढाबा पर अपना बैग भूल गए थे। इसमें लाइसेंसी पिस्टल और 1.20 लाख रुपये की नगदी और कीमती सामान था। ढाबा मालिक रिटायर फौजी जाहिद ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पुलिस की मदद से नवदीप को बैग लौटा दिया।
मुरादाबाद के एमडीए कॉलोनी निवासी नवदीप यादव सरकारी डॉक्टर है। वे अमरोहा में मेडिकल ऑफिस के पद पर तैनात है। नवदीप के मुताबिक वे बृहस्पतिवार को किसी काम से बागपत विकास भवन में कार से आए थे। यहां से मेरठ जाते समय उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित फौजी ढाबा पर खाना खाया। वे इसी दौरान वहां पर अपना बैग भूल गए थे, जिसमें उनकी लाइसेंसी पिस्टल, 1.20 लाख रुपये, पेन कार्ड व अन्य कीमती सामान थे। मेरठ में अफसरों से मिलकर शाम को अपने घर मुरादाबाद पहुंच गए थे।
रात करीब नौ बजे वे हेयर कटिंग कराने के बाद जैसे ही शैलून पर रुपये देने लगे, तब उनको बैग याद आया। इस बीच फौजी ढाबा मालिक एवं सपा नेता जाहिद ने बागपत कोतवाली जाकर बैग पुलिस को दे दिया। पुलिस ने नवदीप को सूचना दी। शुक्रवार को एएसपी अजीजुल हक, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार और जाहिद फौजी ने नवदीप को सामान सहित बैग लौटाया। इस दौरान हर किसी ने जाहिद फौजी की इमानदारी की तारीफ की।