सपा नेता हाजी निजात के बेटे फिरोज और उसके दोस्त अरशद की मामूली विवाद में कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके विरोध में पीड़ितों के परिजनों ने कोतवाली पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
बागपत के गायत्रीपुरम मोहल्ला निवासी कक्षा आठ के छात्र फिरोज का कहना है कि वह अपने दोस्त अरशद के साथ यमुना इंटर कॉलेज के पास से होकर कोर्ट रोड पर जा रहा था। जैसे ही वह कालेज के पास पहुंचा, तभी कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उसका गला भी बुरी तरह से नोच दिया।
उससे दो हजार रुपये नकद, दो मोबाइल छीन लिए। बचाव में आए उनके दोस्त की भी बुरी तरह से पिटाई की गई। हमलावर उस पर छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे थे, जबकि उन्होंने किसी के साथ छेड़छाड़ नहीं की है। घटना का पता चलते ही उसके परिवार के लोग कोतवाली पर पहुंच गए।
उन्होंने हंगामा कर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान उनकी पुलिस वालों से भी नोकझोंक हुई। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी