मृतक महिला फरहाना का फाइल फोटो
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। नगर स्थित एक नर्सिंग होम में उपचार के दौरान शनिवार को सपा नेता की भाभी की मौत हो गई। वहां लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर तोडफ़ोड़ कर दी। पुलिस व चेयरमैन ने किसी तरह मामला शांत कराया।
नगर के ईदगाह मोहल्ला निवासी युवजन सभा के नगर अध्यक्ष आकिल राजपूत की भाभी फरहाना (24) पत्नी मोहम्मद आसिफ को परेशानी होने पर सुबह में नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। वहां फरहाना का बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया। परिजनों को दोपहर में खून की जरूरत बताई। इस पर परिजन ब्लड बैंक चले गए। आकिल राजपूत ने आरोप लगाया कि चिकित्सक की लापरवाही के चलते उसकी भाभी की हालत खराब होने लगी थी। उन पर वहां से ले जाने का दबाव बनाया जाने लगा। उन्होंने देखा तो भाभी की मौत हो चुकी थी। चिकित्सक भी वहां से भाग चुकी थी। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा कर तोडफ़ोड़ कर दी। इसकी जानकारी पाकर पहुंचे कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर व चेयरमैन राजुद्दीन ने किसी तरह मामला शांत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव ले गए। मोहम्मद आसिफ ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं और अब पत्नी को परेशानी होने पर शनिवार सुबह ब्याज पर लेकर नर्सिंग होम में 45 हजार रुपये जमा कराए थे। उन्होंने नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।