शुक्रवार रात दिल्ली के निजी अस्पताल में हो गई थी बड़ौत निवासी युवती की बीमारी से मौत
रालोद नेताओं ने दिल्ली पहुंच कर अस्पताल से दिलाया युवती का शव, किया अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली एक युवती की शुक्रवार की रात दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बीमारी के चलते मौत हो गई। आरोप है कि रुपये जमा कराने के बावजूद अस्पताल संचालकों ने परिजनों को युवती का शव देने से इंकार कर दिया। शनिवार को रालोद नेता परिजनों के साथ दिल्ली पहुंचे और बातचीत कर परिजनों को युवती का शव दिलाया।
आवास विकास कालोनी निवासी युवती अमीषा तोमर कैंसर बीमारी से जूझ रही थी। परिजनों ने उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार रात आठ बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। आरोप है कि रुपये जमा करने के बावजूद अस्पताल संचालकों ने उसका शव नहीं दिया। पीड़ित परिजन शनिवार को रालोद नेता विश्वास चौधरी के पास पहुंचे और आपबीती बताई। इसके बाद विश्वास चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता परिजनों को लेकर दिल्ली पहुंचे और अस्पताल संचालकों से बातचीत की। इसके बाद अस्पताल संचालकों ने युवती का शव परिजनों को दे दिया। बाद में युवती का शव नगर लगाया गया और बड़ौली रोड स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। उधर, अस्पताल संचालकों ने फोन पर बताया कि इलाज के सभी रुपये जमा नहीं कराए गए थे। रुपये लाने के लिए युवती के परिजनों को कहा गया था। शव न देने का आरोप निराधार है।