बागपत के बालैनी थाने के हरियाखेड़ा गांव में सात सशस्त्र बदमाशों ने सोमवार की रात सपा नेता के भाई के परिवार को बंधक बनाकर डाका डाला। बदमाश 40 हजार रुपये समेत करीब चार लाख का सामान ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। आरोप है कि पुलिस ने डकैती की वारदात को चोरी में दर्ज किया है। वारदात से गांव में दहशत है।
सपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष महिपाल सिंह यादव और उसके भाई राकेश यादव का परिवार गांव में अलग-अलग रहते है। राकेश गुडगांव में रहता है, जबकि उसकी पत्नी रूबी यादव और दो बच्चे गांव में ही ससुर ताराचंद यादव, सास ओमबती देवी के साथ रहते है। सोमवार की रात सभी मकान में सोए हुए थे। पिता ताराचंद के मुताबिक, रात करीब 12 बजे मकान में सात बदमाश घुस आए।
वह बरामदे में सो रहा था। सबसे पहले बदमाशों ने उसे ही गन प्वाइंट पर लिया और उसी से आवाज लगवाकर अन्य कमरों का दरवाजा खुलाया। इसके बाद पूरे परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने मकान से 40 हजार रुपये, करीब 1.75 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल, टीवी, गैस सिलेंडर और घरेलू सामान समेट लिया। बदमाश करीब तीन घंटे मकान में रहे। जाते समय धमकी दे गए कि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। जाते वक्त बदमाश एक बोरी अनाज के अलावा भैंसा और कुत्ता भी ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पिता की ओर से थाने में डकैती बताते हुए तहरीर दी गई। आरोप है कि पुलिस ने मामले को चोरी में दर्ज किया है।इस बाबत बालैनी थाना प्रभारी ओमवीर सिंह यादव का कहना है कि घटना डकैती की नहीं चोरी की है। चोरी की धारा में ही मामला दर्ज किया गया है। चोरों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकल भाषा बोल रहे थे
बागपत। पीड़ितों का कहना है कि बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था। उनकी पहचान नहीं हो पाई है। यह जरूर है कि उनकी भाषा लोकल थी। लगता है िक बदमाश दूर के नहीं है।
बाइक नंबर से पकड़े जा सकते हैं बदमाश
बालैनी। पीड़ितों का कहना है कि बदमाश बाइक लिए हुए थे। जाते समय उन्होंने बदमाशों की बाइक का नंबर यूपी 14 सीआर-4866 नोट कर लिया था। उन्होंने पुलिस को भी नंबर बता दिया है। कोतवाली पुलिस बाइक नंबर के सहारे बदमाशों तक पहुंच सकती है।
डेयरी से 14 भैंसे लूटी
बड़ौत। बड़ौत के पट्टी मेहर निवासी ब्रजपाल पुत्र मूलचंद की कोताना रोड पर कामधेनु नाम से डेयरी है। इसमें 22 भैंसें है। चौकीदार नत्थू सोमवार की रात पत्नी पुष्पा, बेटे सन्नी और सचिन के साथ डेयरी के एक कमरे में लेटा हुआ था। नत्थू के मुताबिक, रात करीब दो बजे चार बदमाश चारदीवारी तोड़कर डेयरी में घुस गए।
एक बदमाश पूरे परिवार को गन प्वाइंट पर ले लिया, जबकि अन्य बदमाशों ने वहां बंधी भैंसों को ट्रकों में लादना शुरू कर दिया। बदमाशों ने 15 भैंसों को ट्रक में लाद लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के काफी देर बाद चौकीदार और उसका परिवार साहस कर कमरे से बाहर निकला और लूट की सूचना डेयरी मालिक ब्रजपाल को दी। ब्रजपाल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस संबंध में ब्रजपाल ने कोतवाली में तहरीर दी है। लूटी गई भैंसों की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।