संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय (बागपत)। मेरठ-बागपत हाइवे पर हिसावदा चौराहे पर ससुराल आए दामाद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कैंटर लेकर मौके से फरार हो गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया।
सोनीपत के बराना गांव निवासी सनेश सैनी (35) पुत्र रामसिंह बृहस्पतिवार को पत्नी सीमा निवासी हिसावदा को लेने के लिए आया हुआ था। शुक्रवार की शाम वह किसी कार्य से सराय मोड़ गया था। घर लौटते समय हिसावदा चौपले के समीप पीछे से आ रहे कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक कैंटर लेकर फरार हो गया। युवक की दो बेटियां और एक बेटा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौजूद लोगों ने परिजनों को गाड़ी के नंबर की जानकारी दी। परिजनों ने कैंटर का नंबर पुलिस को देकर मुकदमा दर्ज कराया है।