सुरेश राठौर हत्याकांड
- पुलिस ने मृतक के आरोपी बेटे और उसके दोस्त को किया गिरफ्तार
- बेटे को कर रखा था बेदखल, उसके दोस्त के नहीं लौटा रहा था रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। बालैनी थाना क्षेत्र में हरियाखेड़ा गांव में मिले अधजले शव के प्रकरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक गाजियाबाद की गुलाब वाटिका निवासी सुरेश राठौर था। संपत्ति से बेदखल कर दिए जाने के कारण बेटे ने ही हत्या की साजिश रची थी। बेटे के दोस्त ने उधार दिए रुपये न लौटाने पर सुरेश का कत्ल किया था और पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी मनीष मिश्रा ने बताया कि 20 फरवरी हरियाखेड़ा में अधजली अवस्था में शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान गाजियाबाद की गुलाब वाटिका निवासी सुरेश राठौर के रुप में होने के बाद 23 फरवरी को कन्नौज के मोहल्ला कानूनगोयन निवासी जगपाल सिंह ने बालैनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक सुरेश के पुत्र नितिन राठौर और उसके दोस्त फुलेरा गांव निवासी और वर्तमान में गोकलपुरी निवासी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। संजय की निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त एक मफलर, बाइक, प्लास्टिक की खाली बोतल, राशन कार्ड, एसबीआई बैंक पास बुक और एसबीआई बैंक के आईडी कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई। एएसपी के मुताबिक नितिन ने पूछताछ पर बताया कि पिता सुरेश राठौर ने उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया था। उसकी मां की मौत हो चुकी है। पिता सुरेश उसे रुपये नहीं देता था। इसी वजह से पिता को बहला-फुसलाकर मकान की पावर ऑफ अटार्नी अपने नाम करा ली थी। मगर, पिता मकान में आने नहीं देता था। इसी रंजिश के कारण उसने दोस्त संजय के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
दूसरी ओर से संजय ने पूछताछ पर बताया कि सुरेश राठौर ने करीब सात माह पहले एक लाख 10 हजार रुपये उधार लिये थे। बार-बार मांगने पर भी वह रुपये नहीं दे रहा था। नितिन से तय की गई साजिश के तहत 20 फरवरी की शाम करीब साढे़ छह बजे वह सुरेश राठौर को लोन दिलवाने का लालच देकर बालैनी लेकर आया था। रास्ते में दोनों ने शराब पी ली थी। सुरेश को ज्यादा शराब पिलाई गई। इसके बाद उसे हरियाखेड़ा गांव के जंगल में अपने मामा की ट्यूबवेल पर लेकर गया। वहां पर सुरेश से उधार दिए गए रुपयों की मांग की, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। उसने मफलर से सुरेश का गला घोटकर उसकी हत्या कर दी। जेब से सामान निकाल लिया। बाइक की टंकी से पेट्रोल निकालकर सुरेश के शव पर उडे़ल दिया और आग लगा दी।