दोघट (बागपत)। दाहा गांव में छुट्टी पर आए सिपाही की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
आकाश ने बताया कि उसका भाई रवि राणा वर्ष 2015 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था। जो तीन महीने से बदायूं में पुलिस लाइन में तैनात था। बताया कि रवि 18 से 22 दिसंबर तक छुट्टी पर घर आया हुआ था। बुधवार शाम उसकी मां व परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। घर आने पर रवि का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
आकाश ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सिपाही के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि रवि राणा को एक वर्ष पूर्व बिनौली पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस और सरकारी कारबाइन के साथ गिरफ्तार किया था। जिसे जेल भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।