रमाला। गुजरात के राजकोट में रहकर मजदूरी कर रहे हैदर अली (35) निवासी किरठल की सांप के डसने से मौत हो गई। इसका पता चलते ही मिलते ही परिवार वाले शव लाने के लिए गुजरात रवाना हो गए हैं।
किरठल गांव निवासी होमगार्ड फुरकान ने बताया कि उसका छोटा भाई हैदर अली दो महीने पहले काम करने गुजरात गया था, जो राजकोट में राजमिस्त्री शाहरुख के साथ मजदूरी का काम कर रहा था। राजमिस्त्री शाहरुख ने बुधवार की सुबह फोन करके बताया कि मंगलवार रात हैदर अपने साथियों के साथ कमरे में सो गया था। बुधवार की सुबह करीब चार बजे वहां आए एक सांप ने हैदर के पैर में डस लिया। हैदर के चिल्लाने पर अन्य साथी भी जाग गए और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान हैदर की मौत हो गई। हैदर चार भाइयों में सबसे छोटा था। उनके भाई इमरान और फरमान होमगार्ड में हैं, जो रमाला थाने में तैनात हैं।
एक माह बाद वापस आऊंगा
फुरकान ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे हैदर ने फोन पर अपनी पत्नी अफरोज से बात की थी। हैदर ने एक महीने बाद घर वापस आने की बात कही, लेकिन कई घंटे बाद ही उसकी मौत होने के बारे में पता चला। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं।