बागपत। फैजपुर निनाना गांव में सोमवार रात चारपाई पर सो रहे युवक अखिल के पैर की अंगुली में सांप ने डस लिया। इसके अलावा नैथला के पास फैक्टरी में काम कर रहे मजदूर पूनीदास निवासी गौरीपुर जवाहरनगर के पैर में भी डस लिया। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार कराया, जहां चिकित्सकों ने एंटी स्नेक वेनम की 10-10 वैक्सीन लगाकर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया।
फैजपुर-निनाना निवासी अखिल चौधरी सोमवार रात अपने घर पर चारपाई पर सोए हुए थे। रात में एक सांप घर में आ गया और अखिल के पैर की अंगुली में डस लिया। अखिल के चिल्लाने पर परिवार वाले जाग गए, जिन्होंने सांप को जाते हुए देखा। बताया कि अखिल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा नैथला गांव के पास फैक्टरी में मजदूर पूनीदास सो गए थे। तभी एक सांप ने उनके पैर में डस लिया। इस मामले में सीएमएस डॉ. अनुराग का कहना है कि दोनों को सांप ने डस लिया था। उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद मेरठ मेडिकल रेफर किया गया।