बागपत। जिले में सांप के डसने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार देर रात नौरोजपुर गुर्जर निवासी नीटू को सांप ने डस लिया। उन्हें जिला अस्पताल में उपचार दिया गया, जहां एंटी स्नेक वेनम की दस वैक्सीन लगाने के बाद मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया।
बसी गांव के मनीष ने बताया कि बुधवार सुबह उनकी पत्नी संजना खेत में धान की रोपाई कर रही थी, तभी एक सांप ने उनके पैर में डस लिया। संजना को जिला अस्पताल लाया गया, जहां दस वैक्सीन लगाई गईं, लेकिन हालत में सुधार न होने पर मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। परिवार वाले उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल ले गए हैं।
इसके अलावा, खेकड़ा निवासी कपिल को मंगलवार रात सांप ने डस लिया। परिवार वालों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दस वैक्सीन लगाने के बाद भी हालत में सुधार न होने पर कपिल को भी मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अनुराग वार्ष्णेय ने बताया कि उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों मरीजों को मेरठ मेडिकल रेफर किया गया है।