रटौल। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह सिंगौली तगा व सरफाबाद गांव के बीच कोहरे में छह वाहनों की भिड़ंत हो गई, जिसमें वाहन चालकों समेत आठ लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं घने कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए और वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह कोहरे का असर देखने को मिला। जहां हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी साहिल रेत का ट्रक लेकर गाजियाबाद की तरफ जा रहा था, जिसके साथ हेल्पर फाजिलपुर निवासी तासीन भी था। एक्सप्रेसवे पर सिंगौली तगा व सरफाबाद गांव के बीच पहुंचा तो रास्ते में खड़े ट्रक से ट्रक जा भिड़ा। हादसे में साहिल और तासीन ट्रक के केबिन में दब गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल में उपचार कराया।
इसके अलावा पानीपत से ट्रक में चावल लेकर से आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा जा रहे चालक अजमेर व हेल्पर दिनेश भी हादसे में घायल हो गये। इसके बाद पीछे से आया ट्रक भी भिड़ गया, जिसमें ट्रक चालक मोनू निवासी लालकुआं और बदायूं निवासी हरिओम घायल हो गया। इसके बाद सोनीपत से नोएडा फल व सब्जी लेकर जा रहा कैंटर भी ट्रक से टकरा गया। जिसमें चालक योगेश घायल हो गया। फिर हरियाणा की तरफ से आ रहा कैंटर भी वहां भिड़ गया, जिसका चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को बाहर निकालकर गाजियाबाद के अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। इस तरह वहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। उधर हादसों के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ईपीई पर खड़े वाहनों को साइड कराया। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। जिसमें तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।