- 100 वारंट में से केवल बीस की होती थी एंट्री, अन्य में आरोपियों को जमानत का मौका देकर करते थे सेटिंग
- 05 थानों में मिला खेल एसपी की ओर से कराई गई गोपनीय जांच में, निलंबित पुलिस कर्मियों में एक महिला कांस्टेबल भी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जनपद के पांच पुलिस थानों में गैर जमानती वारंट के नाम पर बड़ा खेल चल रहा था। न्यायालय से जारी होने वाले गैर जमानती वारंट को छुपाकर वसूली की जाती थी। वारंट की थाने के रजिस्टर में एंट्री नहीं की जाती थी। जिनके वारंट जारी होते थे, उनको जमानत कराने का मौका देकर वसूली होती थी। एसपी नीरज कुमार जादौन ने गोपनीय तरीके से इसकी जांच कराई तो पांच थानों में यह खेल होता मिला। इस खेल में शामिल छह पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है।
न्यायालय में चल रहे मुकदमों में पेश नहीं होने पर आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए जाते हैं। इन वारंट को पेशकार सभी थानों में लेकर जाते हैं और जहां इन्हें डाक मुंशी की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिस कर्मी को सौंप दिए जाते हैं। इसके बाद ही थानों में इन गैरजमानती वारंट के नाम पर खेल शुरू हो जाता था। एसपी नीरज कुमार जादौन की ओर से कराई गई जांच में खुलासा हुआ कि न्यायालय से एक महीने में अगर करीब 100 वारंट जारी होते थे तो थाने में रजिस्टर में केवल बीस की एंट्री की जाती थी। अन्य वारंटियों से वसूली करके उनको न्यायालय से जमानत कराने का मौका दे दिया जाता था। इस तरह की शिकायत एसपी को मिली थी। उन्होंने समन सेल के पुलिस कर्मियों को गोपनीय जांच में लगाया था। न्यायालयों से जारी गैर जमानती वारंट और थानों के रजिस्टर में एंट्री होने वाले वारंट का मिलान किया गया तो इस पूरे खेल का खुलासा हुआ। एसपी ने इस खेल में शामिल बालैनी थाने के कांस्टेबल सरफराज, बागपत कोतवाली के कांस्टेबल बृजेश, छपरौली थाने के हेड कांस्टेबल धर्मपाल सिंह, सिंघावली अहीर थाने की महिला कांस्टेबल मीनाक्षी, बड़ौत थाने के कांस्टेबल योगेश कुमार के अलावा यूपी 112 पर तैनात कांस्टेबल विकास कुमार को निलंबित कर दिया है।
रमाला व चांदीनगर थाने के डाक मुंशी को पुरस्कार
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि गैर जमानती वारंट के मामले में जब जांच कराई गई तो रमाला और चांदनीगर थाने के डाक मुंशियों का कार्य अच्छा मिला। दो मुंशी सभी वारंट की एंट्री करते थे और संबंधित दरोगा व सिपाही को सौंप देते थे। दोनों अपनी ड्यूटी काफी अच्छे से कर रहे थे। इसलिए दोनों थानों के डाक मुंशियों को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार एसपी की तरफ से दिया जाएगा।
विवेचना में लापरवाही पर खेकड़ा थाने का एसआई निलंबित
महिला अपराध संबंधी मुकदमे की विवेचना में लापरवाही बरतने पर एसपी ने खेकड़ा थाने के एसआई महकार हुसैन को निलंबित किया है। एसपी ने बताया कि विवेचना में लापरवाही बरतने और नियम के अनुसार कार्य नहीं करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।