सार्वजनिक स्थलों पर पसरने लगा सन्नाटा
बागपत। कोरोना वायरस का प्रकोप लोगों को सताने लगा है। लोग सार्वजनिक स्थलों से दूरी बना रहे हैं। ऐसे अधिकांश स्थलों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। कोरोना के डर से कलक्ट्रेट, विकास भवन और तहसील में फरियादी कम आ रहे हैं।
नगर के लोग सार्वजनिक स्थलों पर जाने से परहेज कर रहे है। कलक्ट्रेट, विकास भवन और तहसील में आए दिन होने वाले धरना-प्रदर्शन भी कम हो गए है। लोग भीड़भाड़ वाले इलाकों से परहेज कर रहे है। जिले में अधिकांश बसे खाली दौड़ रही है। नगर के मेरठ, दिल्ली बस स्टैंड और बागपत रोड से भीड़ गायब है। नगर के शौकत मार्केट, गांधी बाजार, बड़ा बाजार और दुकानों पर ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। नगर के दुकानदार का कहना है कि कोरोना वायरस के डर से लोग घरों से कम निकल रहे हैं।