लॉकडाउन में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने दिखाई सख्ती
जिले भर में तैनात रही पुलिस, बिना मास्क घूमने वालों के चालान किए
बागपत। लॉकडाउन के दूसरे दिन भी जिले भर में पुलिस की सख्ती दिखाई दी। शहर से लेकर देहात तक के बाजार बंद रहे, लोग अपने घरों में रहे। बार्डर के अलावा शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात रही। पुलिस ने इधर-उधर घूमने वाले लोगों एवं मास्क का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर चालान किए।
रविवार को नगर से लेकर देहात तक पुलिस गश्त पर रही। पुलिस ने बॉर्डर से लेकर जगह-जगह चेकिंग कर वाहनों व बिना मास्क के घूमने वाले लोगों के चालान किए। कुछ लोगों को हिदायत देकर छोड़ा गया। नगर में कोर्ट रोड, पुराना कस्बा, यमुना रोड, बड़ा बाजार में पुलिस ने गश्त कर लोगों को लॉकडाउन का पालन कराया। जिले के डूंडाहेडा, हिंडन चौकी, ककड़ीपुर, निवाड़ा चेकपोस्ट, बरनावा चैकपोस्ट पर सघन चेकिंग की गई। लॉकडाउन में शहर के बाजार और सड़के सूनी रही। जरूरत के अनुसार इक्का-दुक्का लोग ही अपने घरों से बाहर निकले। कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी, अमीनगर सराय, बालैनी में लॉकडाउन में बाजार पूरी तरह से बंद रहे, केवल मेडिकल स्टोर खोले गए।