बागपत में दोघट क्षेत्र के मौजिजाबाद नांगल गांव में शुभम की हत्या में नौ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके बड़े भाई ने पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है। उधर, युवक की हत्या के बाद मौजिजाबाद नांगल गांव में दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
डाक कांवड़ देखने के बाद गांव वापस लौट रहे शुभम की मंगलवार रात रास्ते में कई गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका भाई अजेंद्र व साथी विनोद जान बचाकर भाग गए थे। मृतक शुभम के भाई अजेंद्र ने थाने में दी तहरीर में गांव के ही अंकित, निकित, प्रदीप, अनुज, कल्याण, विकास उर्फ रूड़ा, नेत्रपाल व दो अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। उधर, पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी जनक सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर नौ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Kanwar Yatra: बाबू खान का फूलों से स्वागत, कंधे पर कांवड़ देख हर कोई हो रहा हैरान, आप भी देखें ये खास तस्वीरें
एक माह पहले हुआ था झगड़ा
अजेंद्र ने बताया कि एक महीने पहले दूसरे पक्ष के साथ उनका झगड़ा हो गया था। जिसमें हत्या के आरोपी अनुज ने शुभम, अजेंद्र, पिता राजपाल शास्त्री और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से अनुज पक्ष के लोग उनसे रंजिश रखे हुए थे और इस रंजिश में हत्या की गई है।