- कोरोना संक्रमण के कारण संशय में उलझे व्यापारी
- खरीद के लिए ग्राहकों का रुझान बढ़ा तो नैया पार
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। कोरोना काल की तमाम अटकलों के बीच धनतेरस के लिए बाजार सज गए। बाजार के हालात को देखते हुए व्यापारियों ने जरूरत का स्टॉक ही लगाया है। धनतेरस पर धनवर्षा हुई तो नैया पार हो जाएगी। बुधवार को ग्राहक दुकानों पर पहुंचे और स्कीम की जानकारी ली। सराफा बाजार, कपड़ा बाजार में आने वाले शादी सीजन की खरीदारी के लिए भी ऑर्डर बुक किए जा रह हैं। धनतेरस से सबसे ज्यादा उम्मीद ऑटोमोबाइल बाजार को है। बागपत नगर के होली चौक, शौकत मार्केट, गांधी बाजार, सर्राफा बाजार, ठाकुरद्वारा क्षेत्र में दुकानें सजी रहीं। बड़ौत नगर में नगर में बिनौली रोड, महावीर मार्ग, खत्री गढ़ी चौराहा, संजय मूर्ति, नेहरू मूर्ति, फूंसवाली मस्जिद, घटा बाजार, कोताना रोड, दिल्ली बस स्टैंड, छपरौली चुंगी, गांधी रोड, नेहरू रोड सहित विभिन्न बाजारों में धनतेरस के लिए व्यापारियों ने बाजार में इंतजाम किए हैं।
तीन करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद
बड़ौत। दीपावली तथा धनतेरस की तैयारी में लोग जुट गए हैं। इस दौरान बाइक, स्कूटर की बुकिंग भी शुरू हो गई है। ग्राहकों का लुभाने के लिए तरह-तरह के उपहार भी दिए जा रहे हैं। भारत हीरो के डायरेक्टर पूर्व प्रमुख सतेन्द्र मलिक ने बताया कि अब तक 60 वाहनों की बुकिंग हो गई है। अपाचे, जूपिटर स्कूटर की ज्यादा मांग है। डिमांड तो आ रही है। इस वर्ष जिले में लगभग तीन करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
---------------------------
चमक रहे बर्तनों पर टिकी उम्मीदें
बागपत। धनतेरस को लेकर नगर की बर्तन दुकानें सज चुकी हैं। बागपत नगर में बर्तन की 20 से अधिक दुकानें हैं। बड़ौत नगर में छोटी-बड़ी तकरीबन 50 दुकानें है। कांसा, पीतल, स्टील, एल्यूमिनियम, सहित विभिन्न धातुओं से बने बर्तनों का भरमार है। बर्तन कारोबारी प्रवीण जैन का कहना था कि धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बाजारों में इलेक्ट्रानिक दुकानें सज गई हैं। टीवी कंपनियों व शो रूम के दुकानदारों ने तरह-तरह की स्कीमें बनाई है। दुकानदार दीपक जैन ने बताया कि बाजार में सुधार आया है। 40 इंच से 56 इंच के कलर टीवी की मांग ज्यादा हो रही है।
---------------------
सराफा बाजार में यह रेंज उपलब्ध
बागपत। बागपत के स्वर्णकार संजय वर्मा, कमल वर्मा, प्रदीप वर्मा और बड़ौत के सर्राफा सौरभ जैन ने बताया कि धनतेरस व दीपावली पर्व को देखते हुए सोने, चांदी के आभूषण, सहित अन्य समान की सभी रेंज की व्यवस्था की गई है। पर्व को देखते बेपटरी हुए कारोबार को गति मिलने की उम्मीद बंधी हैै। बताया कि यदि कोई ग्राहक एक हजार रुपये लेकर दुकान पर आता है तो उसे चांदी का सिक्का, दो हजार मेें पायल व लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पांच हजार में पायल, सिक्का व लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति व दस हजार में पायल, सिक्का, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, बिछिया व चांदी का गुच्छा खरीद सकते है।