बड़ौत। नई बस्ती में स्थित एक परचून की दुकान में सोमवार को रात के समय सामान लेने आए युवकों और दुकानदार में मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। बाद में शोर सुनकर लोगों को अपनी तरफ आता देख युवक दुकानदार और उसके परिवार के लोगों पर पथराव कर भाग निकले। इसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोतवाली मेें कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस ने कहा तहरीर आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।
नई बस्ती में मनोज पुत्र रामपाल की परचून की दुकान है। सोमवार को रात के समय बाइक पर तीन युवक दुकान पर सामान खरीदने आए। इस दौरान सामान खरीदने को लेकर युवकों और मनोज के बीच कहासुनी, गाली-गलौच व मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद मनोज ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों को अपनी ओर आता देखकर बाइक सवार युवकों ने गली में पड़ी ईंटों को फेंकना शुरू कर दिया और वहां से भाग निकले। इस दौरान मनोज पुत्र रामपाल, रामपाल पुत्र बलजीत व संतराम पुत्र बलजीत घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर सीएचसी में पहुंची। फिलहाल परिजन घायलों को उपचार कराने में जुटे हैं। कोतवाल ने कहा तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई होगी।