सिर और हाथ में गोली मारी, पुरानी रंजिश में एक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पशुओं से फसल की रखवाली के लिए बृहस्पतिवार की रात खेत में सोया था किसान
घटनास्थल से पुलिस ने बरामद किए तीन खोखे, मामले की जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर (बागपत)। मंसूरपुर गांव के जंगल में बृहस्पतिवार रात को खेत में सो रहे किसान की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेटों ने शुक्रवार सुबह शव देखकर पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए और शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के बेटे ने पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए गांव के युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मंसूरपुर गांव निवासी मदन (65) पुत्र शिवचरण ने ललियाना-लहचौड़ा मार्ग पर गांव के कवींद्र की जमीन ठेके पर लेकर भिंडी की फसल की बुआई की हुई है। किसान मदन बृहस्पतिवार रात में खेत में फसल की पशुओं से रखवाली करने के लिए गया था। रात में वह खेत में ही सो गया। चारपाई पर सोते हुए उसकी सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह पुत्र सोनू, मोनू, गोल्डी व काला खेत पहुंचे तो पिता की हत्या का पता चला। एक गोली सिर और दूसरी हाथ में मारी गई थी। हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए है।
मृतक के बेटे सोनू ने एक माह पहले गांव में हुए झगड़े की रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई। साथ ही गांव के ही सनी पुत्र संजय के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। उधर, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीओ खेकड़ा विजय चौधरी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
किसान मदन की हत्या में उसके परिजनों ने पुरानी रंजिश बताते हुए एक युवक को नामजद किया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। - नीरज कुमार जादौन, एसपी