बागपत। जिलेभर की 244 ग्राम पंचायतों में 225 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन पूरी तरह बनकर तैयार हैं। जिसके संचालन में लापरवाही बरतना भारी पड़ेगा। डीएम ने बुधवार को सभी पंचायत सचिवों व ग्राम विकास अधिकारियों को सचिवालयों के संचालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
डीपीआरओ अमित त्यागी ने बताया कि जिले की 244 ग्राम पंचायतों में से 131 में पहले से ही पंचायत भवन बने हुए हैं। 113 में से 94 गांवों में नए पंचायत भवन बनाए हैं, जबकि 19 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन अभी निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि पूरी तरह तैयार पंचायत भवनों में 15 दिन के अंदर कम्प्यूटर, मेज, कुर्सी, लाइट, इंटरनेट आदि की व्यवस्था करने व सुचारू रूप से संचालन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन 19 पंचायतों में एक माह के अंदर निर्माण पूरा कर सचिवालय का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सचिवालयों के संचालन पर शासन से लेकर डीएम सख्त है। जिसमें निर्धारित समय में सचिवालय का सुचारु संचालन नहीं मिलने पर संबंधित सचिव व ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। संवाद