- छपरौली में बड़ौत मार्ग पर स्थित गोदाम और खेकड़ा के मोहल्ला औरंगाबाद में व्यापारी के घर और गाड़ी में पकड़ी गई पटाखों की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा/छपरौली। पुलिस ने छपरौली और खेकड़ा में पटाखों की खेप पकड़ी। जहां दो गाड़ियों और गोदामों में रखे सात क्विंटल पटाखे जब्त किए गए। पुलिस ने खेकड़ा में गाड़ी चालक मुर्शीद निवासी गंगोह जिला सहारनपुर और छपरौली से शहजाद को गिरफ्तार किया।
दीपावली पर्व को लेकर दूसरे जिलों से मंगवाकर जिले में जगह-जगह पटाखों का स्टॉक एकत्रित किया जा रहा है। इसको लेकर पुलिस की छापामारी में पटाखों की खेप और फैक्टरी पकड़ी जा चुकी है। शुक्रवार दोपहर खेकड़ा पुलिस ने मोहल्ला औरंगाबाद में छापामारी की। वहां पर पिकअप गाड़ी से गोदाम में रखे जा रहे साढ़े तीन क्विंटल पटाखों के 26 बोरे जब्त कर चालक मुर्शीद निवासी गंगोह जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि व्यापारी वहां से भाग गया। पूछताछ में चालक मुर्शीद ने दीपावली पर बेचने के लिए गाजियाबाद से पटाखे लेकर आने के बारे में बताया।
पुलिस ने छपरौली में बड़ौत मार्ग पर बीज गोदाम के पास एक गोदाम पर छापा मारा। वहां पर पिकअप गाड़ी से उतारकर गोदाम में रखे जा रहे साढ़े तीन क्विंटल पटाखों के साथ शहजाद निवासी छपरौली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शहजाद ने बताया कि दिवाली पर बेचने के लिए सोनीपत जिले के गोहाना से खरीदकर लाया था।
- आगजनी से भी नहीं लिया सबक, गुहार लगाता रहा व्यापारी
खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला औरंगाबाद में पुलिस चौकी के पास शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगने से व्यापारी अंकुर जैन, उनकी पत्नी, बेटी समेत चार की मौत हो गई थी। जबकि एक अन्य झुलस गए थे। इस हादसे से भी लोगों ने सबक नहीं लिया और मोहल्ला औरंगाबाद की संकरी गली में बने मकान में पटाखों का स्टॉक लगाया जा रहा था। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
वर्जन-दोनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई। पटाखों का प्रयोग पूरी तरह बंद है। बेचने और लेकर आने वालों के खिलाफ छापामारी जारी रहेगी। - पूर्णेँदु सिंह, एसपी