अब जिले में संक्रमितों की संख्या 1769 हो गई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में बृहस्पतिवार को नगर पालिका के एक कर्मचारी सहित सात कोरोना संक्रमित मिले है जबकि 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 1769 हो गई।
प्रभारी सीएमओ डॉ भुजवीर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1536 लोगों की कोरोना की जांच की। जांच में नगर पालिका के एक कर्मचारी सहित सात लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सफाई कर्मचारी फायर बिग्रेड से सैनिटाइजर का छिड़काव करता था। बृहस्पतिवार को 17 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि बुधवार को कोरोना संक्रमण से बड़ौत क्षेत्र के एक युवक की संक्रमण से मौत हो गई थी। अब तक जिले में 26 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
डीएम ने जाना कोरोना मरीजों का हाल
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। डीएम ने कोरोना मरीज से दूरभाष पर वार्ता कर उनका कुशल जाना। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, तहसीलदार, डिप्टी सीएमओ कोरोना मरीजों से वार्ता कर उनके कुशल होने की कामना की। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने व डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों की अधिक से अधिक जांच करने के निर्देश दिए।
कोरोना जांच के लिए शुरू हुआ विशेष अभियान
बागपत। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमण की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। 12 दिनों तक चलने वाले अभियान में जिले में झुग्गी-झोपड़ी, सब्जी व फलों की ठेली लगाने वाले, साप्ताहिक पैठ व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों की जांच की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने बताया कि अभियान के तहत बृहस्पतिवार को नगर की अनुसूचित जाति की बस्ती में लोगों की कोरोना की जांच की गई।