बागपत। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर डीएम राजकमल यादव के निर्देशन में बृहस्पतिवार को अधिकारियों, कर्मचारियों व स्वयंसेवी संस्थाओं ने सात सौ टीबी के मरीजों को गोद लिया।
कार्यक्रम में छह संस्था व 288 अधिकारी, कर्मचारी व अन्य लोगों ने 110 बाल क्षय रोगी व 598 वयस्क महिला-पुरुष रोगियों को गोद लिया। डीएम राजकमल यादव ने अधिकारियों व कर्मचारियों को टीबी मुक्त बागपत बनाने की शपथ दिलाई। डीएम ने जाह्नवी व शुभांशी दो बच्चों को गोद लेकर पौष्टिक आहार की किट प्रदान की। क्षय रोगियों को छह माह तक पौष्टिक आहार दिया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार, सीडीओ रंजीत सिंह, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार, डॉ. अजेंद्र मलिक, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तुलिका शर्मा, परियोजना अधिकारी रजनी पुंडीर के अतिरिक्त स्वास्थ्य व अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।